
कटनी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर महिला कांग्रेस द्वारा विवेकानंद कंप्यूटर्स में छात्रों के बीच विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। महिला कांग्रेस नेत्रियों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद छात्रों के बीच राजीव गांधी के जीवन, व्यक्तित्व एवं आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत में संचार क्रांति की शुरुआत, महिलाओं को राजनीति में आरक्षण, मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करना तथा युवाओं को देश के विकास के लिए प्रेरित करने जैसे उनके दूरदर्शी कार्यों पर चर्चा की गई।
संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राजीव गांधी के आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान अनूपा सिंह एवं द्वितीय स्थान मोहित खटीक ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनी वर्मा, विवेकानंद कंप्यूटर्स के डायरेक्टर राकेश शर्मा, दीपिका शर्मा, सुमन रजक, आदिता वर्मा, रुक्मणी पांडे, कल्पना पाठक, दुर्गावती कोल, रूपा पाठक, सुकन्या पांडे, रविता शर्मा, मोना पाठक, आलिया शर्मा, कुसुम चौधरी, प्रियंका शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महिला कांग्रेस ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं, महिलाओं और पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिनका प्रभाव आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में दिखाई देता है।
