
विजयराघवगढ़ पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 12 लाख का माल और कार जब्त; मंदिरों व सूने मकानों को बनाते थे निशाना
कटनी/विजयराघवगढ़, 20 अगस्त 2026।
विजयराघवगढ़ स्थित प्रसिद्ध शारदा माता मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कटनी, सतना, सिवनी और दमोह सहित विभिन्न क्षेत्रों में मंदिरों और सूने मकानों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मंदिरों के मुकुट-छत्र सहित एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
6-7 ताले तोड़कर मंदिर में घुसे थे बदमाश
24-25 जुलाई की दरम्यानी रात विजयराघवगढ़ स्थित शारदा माता मंदिर में अज्ञात बदमाशों ने 6-7 ताले तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया था। आरोपियों ने माता शारदा का चांदी का मुकुट, चांदी का छत्र, सोने का लॉकेट, भगवान नरसिंह का मुकुट व छत्र तथा दान पेटी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से बदमाश मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर ले गए थे।
मंदिर की देखरेख करने वाले मुकेश त्रिपाठी की रिपोर्ट पर विजयराघवगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 318/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना बनी अहम कड़ी
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के लगातार निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मंदिर के आसपास आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बीच 19 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध सफेद कार पड़खुरी गांव होते हुए मैहर की ओर जा रही है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे की टीम ने घेराबंदी कर कार को रोका। कार में राजा उर्फ मोहन साहू और उसकी पत्नी राजनंदनी साहू सवार मिले। पूछताछ में दोनों ने मंदिर चोरी सहित कई वारदातों में शामिल होने की बात पुलिस के सामने स्वीकार की।
चोरी के लिए बनाते थे पूरा प्लान
पुलिस के मुताबिक आरोपी एक वाहन से चोरी करने निकलते थे। वारदात स्थल पर दो आरोपी ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते थे, जबकि दो बाहर रहकर निगरानी करते थे। किसी व्यक्ति के आने की आहट होने पर बाहर मौजूद साथी अंदर घुसे आरोपियों को सूचना देते थे। आरोपी मुख्य रूप से बंद मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने विजयराघवगढ़ के शारदा माता मंदिर, माधवनगर थाना क्षेत्र के पिपरौंध स्थित जैन मंदिर, बरही के रामजानकी मंदिर, बिलहरी क्षेत्र के हनुमान मंदिर तथा सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के राधाकृष्ण मंदिर और सत्य माता मंदिर में चोरी की वारदातें स्वीकार की हैं। इसके अलावा विजयराघवगढ़ के जिवारा, एनकेजे क्षेत्र के सरसवाही और शनि मंदिर के पास सूने मकानों में चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सिवनी के बंडोल थाना क्षेत्र और दमोह के एक मंदिर में चोरी की वारदात करना भी स्वीकार किया है।
लाखों का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी के मुकुट और छत्र, चांदी का कमरबंद, चूड़ियां, पायल, बिछिया, सोने का लॉकेट सहित चोरी का अन्य सामान और सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
राजा पर 36, पत्नी पर 9 अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी राजा उर्फ मोहन साहू के विरुद्ध विभिन्न थानों में 36 अपराध, राजनंदनी साहू के विरुद्ध 9 अपराध और आदी उर्फ आदित्य बर्मन के विरुद्ध भी 9 अपराध पंजीबद्ध हैं। मामले में शामिल आदी उर्फ आदित्य बर्मन वर्तमान में सिवनी जेल में निरुद्ध है, जिसे प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई के लिए लाया जाएगा। वहीं एक बाल अपचारी फरार बताया गया है।
पुलिस ने राजा उर्फ मोहन साहू और राजनंदनी साहू को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से आगे भी पूछताछ कर रही है। ऐसे में चोरी की अन्य वारदातों के भी खुलासा होने की संभावना जताई गई है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजयराघवगढ़ निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि रामकुमार झारिया, उनि शैलेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक नेहा सिंह, आरक्षक पप्पू प्रजापति, वाहन चालक प्रधान आरक्षक मज्जू कोल, मुखबिर, स्वतंत्र साक्षियों सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच में एनकेजे, उमरियापान, बिलहरी, स्लीमनाबाद, माधवनगर और साइबर सेल की टीम ने भी सहयोग किया।
