
कटनी, 16 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन में कटनी पुलिस द्वारा सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी कमल मौर्य ने रविवार को शहर भ्रमण के दौरान चांडक चौक पहुंचकर यातायात व्यवस्था एवं वाहन चेकिंग का जायजा लिया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह अपने पुलिस बल के साथ वाहन चालकों की जांच कर रहे थे।
एएसपी कमल मौर्य ने मौके पर वाहन चालकों की स्वयं ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। जांच के दौरान ऑटो चालक सीताराम गुप्ता पिता तुलसी राम गुप्ता, निवासी आमिरगंज, कटनी शराब के नशे में ऑटो चलाते पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर में शराब का सेवन पाए जाने पर यातायात पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
नो-एंट्री में घुसे ट्रक पर ₹5 हजार का जुर्माना
इसी दौरान यातायात पुलिस की लगातार जारी कार्रवाई में नो-एंट्री क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक ट्रक के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रक चालक पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शहर में यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एएसपी कमल मौर्य ने मौके पर मौजूद यातायात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के साथ-साथ नो-एंट्री, ओवरलोडिंग, तेज गति तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की नियमित जांच कर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
कार्यवाही में शामिल : टी.आई. अनूप सिंह, एस.आई. शशिभूषण दुबे, एस.आई. अशोक सिंह, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक दीपक सिंह
कटनी पुलिस — सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन
