
कटनी, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कटनी के शहीद स्मारक में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्मारक पदाधिकारी, बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित अतिथियों ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बच्चों के लिए आयोजित संगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देशप्रेम के विभिन्न रंगों को कागज पर उकेरा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गिरिराज किशोर पोद्दार, पूर्व पार्षद बच्चू निषाद, स्वतंत्र सेनानी शहीद स्मारक अध्यक्ष संतोष सिंह भट्टी, महासचिव अरविंद प्रसाद गुप्ता एवं सचिव अशोक सेठिया सहित स्मारक के सदस्य मौजूद रहे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देशहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
