
मझंगवां के ग्रामीणों ने लगाई न्याय की गुहार, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कटनी। ग्राम पंचायत मझंगवां फाटक के ग्राम मझंगवां के ग्रामीण मंगलवार को 11 अगस्त 2026 को कटनी कलेक्टर जनसुनवाई एवं पुलिस अधीक्षक जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने शासकीय तालाब की पुरानी मेड़ तोड़े जाने, धार्मिक स्थल के चबूतरे को क्षतिग्रस्त किए जाने सहित विभिन्न आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम में स्थित शासकीय खसरा भूमि के तालाब की करीब 100 वर्ष पुरानी मेड़ को कथित रूप से जेसीबी मशीन के माध्यम से तोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार तालाब के समीप स्थित गुरईया बाबा महाराज के चबूतरे को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि उक्त तालाब का उपयोग लंबे समय से गांव के लोगों एवं पशुओं द्वारा किया जाता रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तालाब की मेड़ टूटने से शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति बनने की आशंका है। इसी मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी संबंधित विभागों में शिकायतें की गई हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण मंगलवार को ग्रामीण कलेक्टर एवं एसपी जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।
मौके की जांच और मेड़ पुनर्निर्माण की मांग
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा शासकीय भूमि का सीमांकन कराया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जांच में मेड़ तोड़े जाने की पुष्टि होती है तो उसे पूर्व की स्थिति में बनवाया जाए और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को अपनी शिकायत के साथ मौके के छायाचित्र भी उपलब्ध कराए और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
निराकरण नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि वे लंबे समय से मामले के निराकरण की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र मौके की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समस्त ग्रामवासी सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि की सुरक्षा, तालाब की मेड़ को पूर्व स्थिति में बहाल कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
