
बरही तहसील के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरन महगवां का मामला, फिल्म प्रदर्शन से पहले मॉनिटरिंग पर उठे सवाल
बरही/कटनी। कटनी जिले में एक ओर प्रशासन द्वारा नशामुक्ति अभियान को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बरही तहसील अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरन महगवां से सामने आए एक वीडियो ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को ‘तिरंगा’ फिल्म दिखाई जाती नजर आ रही है। वीडियो में फिल्म का एक ऐसा गाना बजता सुनाई दे रहा है, जिसके बोल “पीले-पीले ओ मेरे जानी” हैं। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि विद्यालय में विद्यार्थियों को फिल्म दिखाने से पहले उसकी विषय-वस्तु और दृश्यों की मॉनिटरिंग आखिर किस स्तर पर की गई?
लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चों के लिए विद्यालय में किसी भी फिल्म या वीडियो का प्रदर्शन करने से पहले उसकी सामग्री की उपयुक्तता की जांच किया जाना आवश्यक है। यदि वायरल वीडियो वास्तविक है, तो यह भी जांच का विषय है कि संबंधित विद्यालय में फिल्म प्रदर्शन की अनुमति किसने दी और बच्चों को फिल्म दिखाने से पहले शिक्षक अथवा स्कूल प्रबंधन द्वारा उसकी सामग्री देखी गई थी या नहीं।
नशामुक्ति अभियान के बीच वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
कटनी जिले में प्रशासन द्वारा बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में सरकारी स्कूल के भीतर विद्यार्थियों को दिखाई गई फिल्म के वायरल वीडियो को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की है।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो की वास्तविकता, उसकी तारीख और फिल्म प्रदर्शन की परिस्थितियों की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
देखें वायरल वीडियो—
