
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी द्वारा अपनी छह सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रांतीय आवाहन पर आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 10 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे से 5 बजे के बीच जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ ने बताया कि इस आंदोलन में मध्य प्रदेश शासन के अधीन कार्यरत चतुर्थ श्रेणी नियमित कर्मचारी, आकस्मिक, कार्यभारित एवं स्थायी कर्मी, दैनिक वेतनभोगी, अंशकालीन कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, आशा-ऊषा कार्यकर्ता, कोटवार तथा रसोईया बहनें शामिल होकर अपनी छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगी।
संघ के अनुसार आंदोलन के दूसरे चरण में 14 अगस्त 2026 को शाम 4 बजे मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल को भी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, जिला सचिव सौरभ सिंह, जिला महामंत्री मनोज श्रीवास सहित राकेश जसूजा, धर्मेंद्र राज, अजीमुद्दीन शाह, मनोज दहिया, संदीप गुप्ता, शकुन उसरेठे, जमुना महतो, अर्चना सेन, कमलेश पांडेय, भागीरथ तिवारी, रामनरेश यादव, आशीष पटेल, सदानंद कोल, हमीद खान एवं अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने जिले के सभी कर्मचारी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ज्ञापन कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित छह सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए अब संगठित होकर आंदोलन किया जाएगा, ताकि शासन तक कर्मचारियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
