
कटनी। शहर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। माधवनगर थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित जाकिर हुसैन वार्ड में ACC कॉलोनी मार्ग से संजय नगर कॉम्प्लेक्स होते हुए तालाब जाने वाले मार्ग पर एक किराना दुकान कथित रूप से लगभग 5 फीट सड़क की ओर बढ़ाकर संचालित की जा रही है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इसी अतिक्रमण के कारण सड़क निर्माण कार्य बाधित हो रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने से बचता नजर आ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार उक्त अतिक्रमण की शिकायत कई बार नगर निगम एवं संबंधित विभाग से की गई। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, ताकि सड़क की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके। इसके बावजूद आज तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता दो से तीन बार मौके पर पहुंचा, लेकिन हर बार केवल समझाइश देकर वापस लौट गया। किसी प्रकार की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर ऐसी कौन-सी वजह है, जिसके चलते विभाग मौके पर पहुंचने के बाद भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं कर रहा।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच रहा है, लेकिन सड़क की निर्धारित सीमा में संचालित इस कथित अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सड़क की चौड़ाई कम होने के साथ भविष्य में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क की सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए तथा यह भी स्पष्ट किया जाए कि बार-बार मौके पर पहुंचने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की गई। नागरिकों का कहना है कि यदि नियम सभी के लिए समान हैं तो इस मामले में भी बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होनी चाहिए।
(समाचार स्थानीय नागरिकों एवं शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
