
झिझरी यातायात थाना के सामने चला विशेष चेकिंग अभियान, ओवरस्पीड-ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा; फिटनेस विहीन 407 ट्रक सहित दो ऑटो जब्त
इंटरसेप्टर वाहन से तेज रफ्तार वाहनों की जांच, स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था परखी, 20 से अधिक चालान किए गए

कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर झिझरी यातायात थाना के सामने ट्रैफिक पुलिस एवं आरटीओ विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती बरती गई।
संयुक्त कार्रवाई में फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं पाए जाने पर एक 407 ट्रक को जब्त किया गया, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले दो सवारी ऑटो को भी जब्ती की कार्रवाई में लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर बिना वैध दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों के संचालित होने वाले वाहनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के नेतृत्व में एवं सूबेदार सोनम उइके सहित यातायात पुलिस टीम ने इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से ओवरस्पीड वाहनों की जांच की। वहीं आरटीओ विभाग अधिकारी संतोष पाल के निर्देश पर विभागीय अमले ने भी मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच एवं कार्रवाई की।
संयुक्त अभियान में आरटीओ विभाग के अब्दुल रहमान खान (ग्रेड-3), राज बहोर कोल (ग्रेड-3) एवं राम सिंह (भृत्य) सहित विभागीय कर्मचारी तैनात रहे।
ओवरस्पीड, ओवरलोड और दस्तावेज विहीन वाहनों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान ओवरस्पीड वाहन, ओवरलोड पिकअप, बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, बिना बीमा, बिना इंश्योरेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों को संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। तेज गति, तीन सवारी, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग और लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
ऑटो यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्यूआर व्यवस्था की दी जानकारी
अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह ने सवारी ऑटो में बैठे स्कूली एवं कॉलेज छात्रों को कटनी पुलिस द्वारा शुरू की गई क्यूआर स्कैनर व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑटो में लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर यात्री अपनी प्रतिक्रिया एवं फीडबैक दे सकते हैं।
यह व्यवस्था महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, जिससे ऑटो में यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।
मॉडिफाई साइलेंसर और तेज हॉर्न पर भी शिकंजा
जांच अभियान के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। तेज आवाज वाले अतिरिक्त हॉर्न एवं नियम विरुद्ध लगाए गए मॉडिफाई साइलेंसर की जांच कर ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई। पटाखे जैसी आवाज करने वाले दोपहिया वाहनों को भी रोककर जांच की गई।
स्कूली बसों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बसों को रोककर सुरक्षा मानकों की जांच की गई। बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, सीसीटीवी कैमरा, इमरजेंसी एग्जिट डोर सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा गया।
ऑटो चालकों को क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और यात्रियों से फीडबैक कराने के निर्देश दिए गए।
20 से अधिक चालान, अभियान रहेगा जारी
संयुक्त कार्रवाई के दौरान लगभग 20 चालान किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें और सुरक्षित वाहन चलाएं, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है।
कार्रवाई में शामिल यातायात पुलिस टीम:
यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, सूबेदार सोनम उइके, एएसआई संदीप बाल्मीकि, आरक्षक आनंद मोहन सिंह, आरक्षक राजकुमार अहिरवार, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक भूपेंद्र सिंह, आरक्षक कालू अनारे एवं आरक्षक सुनील अहिरवार सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
