
सीपीसीटी बाध्यता समाप्त करने, पदोन्नति, नियमितीकरण सहित लंबित मांगों पर बनी आंदोलन की रणनीति, कटनी के पूर्णेश उइके और अजय गौतम सम्मानित
जबलपुर, 27 जुलाई।मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के “सशक्त संगठन संकल्प अभियान–2026” के अंतर्गत संभागीय मुख्यालय जबलपुर स्थित इंडियन कॉफी हाउस में संभागीय सम्मेलन एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संघ के प्रांताध्यक्ष महेंद्र शर्मा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
सम्मेलन में संगठन को तहसील, ब्लॉक और जिला स्तर तक अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में चतुर्थ श्रेणी के पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति देने, पदोन्नति में सीपीसीटी की बाध्यता समाप्त करने, कार्यभारित एवं स्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण सहित विभिन्न कर्मचारी हितैषी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रदेश स्तर पर संगठन द्वारा किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान नवगठित संभागीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर संगठन को मजबूत बनाने और कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया गया।
संभागीय शाखा जबलपुर द्वारा संघ जिला शाखा कटनी के पूर्णेश उइके (जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रचार सचिव) तथा अजय गौतम को कर्मचारी हितों में उत्कृष्ट कार्य करने पर शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अजय दुबे, प्रांतीय कोषाध्यक्ष कमलेश पटेल, संभागीय अध्यक्ष विपिन पिपरे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संभागीय अध्यक्ष विपिन पिपरे ने किया।
