
सीपीसीटी परीक्षा की अनिवार्यता, ई-अटेंडेंस और छात्रावास कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया में बाधा का आरोप, शासन से शीघ्र समाधान की मांग
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी की कार्यकारिणी बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर शासन स्तर पर कई बार मांग रखी गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल के निर्देशानुसार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, जबकि पूर्व में पदोन्नति संबंधी स्पष्ट नियम एवं दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश लंबित पड़े हुए हैं।
ई-अटेंडेंस व्यवस्था समाप्त करने की मांग
बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग में लागू ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग भी उठाई गई। संघ ने बताया कि इस संबंध में मध्य प्रदेश शासन को पूर्व में ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
छात्रावास कर्मचारियों को अवकाश नहीं मिलने पर नाराजगी
आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावासों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। संघ का कहना है कि यह श्रम विभाग के नियमों एवं शासन के अवकाश प्रावधानों के विपरीत है।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रांतीय निर्देशानुसार धरना प्रदर्शन एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
महिला कर्मचारियों को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक के दौरान संघ का विस्तार करते हुए जमुना महतो को महिला प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष एवं अर्चना सेन को आदिम जाति कल्याण विभाग की विभागीय समिति का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों का संघ सदस्यों ने फूल-माला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, कार्यकारी अध्यक्ष राकेश जसूजा, मनोज श्रीवास, हमीद खान, बाबूलाल अहिरवार, नीलेश पौराणिक, अजीमुद्दीन शाह, हरीश बेन, धर्मेंद्र राज, बालकदास, राकेश पांडेय, प्रदीप रजक, अमर बर्मन सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
