
कटनी। जिले में रेलवे संपत्ति की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित कैलवारा फाटक के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूत्रों के आधार पर प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ लोग मालगाड़ी से कोयला चोरी का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि यह कोई एक-दो स्थानों तक सीमित समस्या नहीं है। कटनी जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, आउटर क्षेत्रों और रेलवे ट्रैक के आसपास समय-समय पर मालगाड़ियों से कोयला तथा रेलवे से संबंधित लोहे की सामग्री चोरी होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि रेलवे परिसर और मालगाड़ियों से बार-बार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो यह जानना भी आवश्यक है कि इनकी रोकथाम के लिए संबंधित रेलवे प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा क्या कदम उठाए जा रहे हैं। आखिर ऐसी घटनाओं की जिम्मेदारी किसकी तय होगी और रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या प्रभावी रणनीति बनाई गई है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि चोरी की घटनाएं लगातार होती हैं तो इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि संगठित चोरी करने वाले गिरोहों के हौसले भी बढ़ते हैं। लोगों ने मांग की है कि रेलवे प्रशासन, आरपीएफ एवं जीआरपी संयुक्त रूप से ऐसे मामलों की गंभीर जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाई जाए।
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब यह अपेक्षा की जा रही है कि संबंधित विभाग मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेगा और यदि चोरी का प्रयास या घटना सत्य पाई जाती है तो दोषियों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में हुई किसी भी लापरवाही की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
