
कटनी, 15 जुलाई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 14 वर्षीय बालिका स्नेहा शुक्ला की मौत के बाद बुधवार को जिला अस्पताल परिसर के बाहर तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। घटना को लेकर विश्व हिन्दू परिषद जिला इकाई कटनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया और कथित चिकित्सीय लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के बाद विश्व हिन्दू परिषद जिला इकाई कटनी ने कटनी एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि माधवनगर थाना क्षेत्र की जागृति कॉलोनी निवासी 14 वर्षीय स्नेहा शुक्ला, पिता आदित्य कुमार शुक्ला, को बुधवार सुबह अचानक पेट दर्द होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संगठन और परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान लगाए गए एक इंजेक्शन के बाद बालिका की तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि बालिका अस्पताल तक स्वयं चलकर पहुंची थी और भर्ती के समय उसकी स्थिति सामान्य थी, लेकिन उपचार के दौरान हुई घटनाओं के संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। आरोप है कि डॉक्टरों एवं स्टाफ की लापरवाही के कारण यह दुखद घटना हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल प्रशासन और सिविल सर्जन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच, जिम्मेदार डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विश्व हिन्दू परिषद जिला इकाई कटनी जनहित में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
वहीं, मामले को लेकर जिला प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, जिला अस्पताल प्रबंधन की ओर से समाचार लिखे जाने तक घटना पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
