
कटनी। छिंदवाड़ा से मैहर तक 14 दिवसीय 375 किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा पर निकले सांसद बंटी विवेक साहू ने 9 दिनों में 274 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर कटनी जिले में प्रवेश किया। आंधी-तूफान, तेज बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद सांसद अपनी पदयात्रा को दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर जारी रखे हुए हैं।
सांसद बंटी विवेक साहू ने 1 जुलाई को छिंदवाड़ा से पदयात्रा प्रारंभ की थी। यह यात्रा छिंदवाड़ा, सिवनी और जबलपुर होते हुए अब कटनी पहुंच चुकी है तथा 14 जुलाई को मैहर स्थित मां शारदा धाम में विशेष पूजा-अर्चना के साथ संपन्न होगी। यात्रा के दौरान सांसद प्रदेश, विशेषकर छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं अच्छी वर्षा की कामना कर रहे हैं।
कटनी जिले में प्रवेश के दौरान सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, जनपद सदस्य नीरज पांडे, अखिल भारतीय असाटी वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय असाटी, साहू समाज के पदाधिकारियों, भाजपा के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सांसद का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। अनेक लोग पदयात्रा में भी शामिल हुए।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भी सांसद की इस धार्मिक पदयात्रा की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाली पहल बताया है। उन्होंने अपने संदेश में मां शारदा की आराधना को प्रेरणादायी बताते हुए यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की शुभकामनाएं दी हैं।
यात्रा के आगामी चरण में सांसद 10 जुलाई को कटनी के दद्दा धाम में रात्रि विश्राम करेंगे तथा 11 जुलाई की सुबह पुनः पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। अंतिम चार दिनों में लगभग 110 किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हुए 14 जुलाई को मैहर पहुंचेंगे।
धार्मिक पदयात्रा के दौरान सांसद प्रतिदिन मां शारदा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ यात्रा का शुभारंभ और समापन कर रहे हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मार्ग में 10 हजार पंचतत्व सीड बॉल का वितरण तथा विभिन्न स्थानों पर वन विभाग और स्थानीय लोगों के सहयोग से पौधरोपण भी किया जा रहा है।
आशुतोष शुक्ला जिला मीडिया प्रभारी, कटनी
आशीष कटकवार, पी.आर.ओ. सांसद कार्यालय परासिया रोड छिंदवाड़ा
