
कटनी। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और गंभीर आपराधिक घटनाओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। हाल ही में लखेरा क्षेत्र में चाकू मारकर की गई हत्या सहित अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है, जिससे उनके हौसले बढ़ रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से शहर में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त, अवैध हथियार लेकर घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई तथा थाना स्तर पर जवाबदेही तय करने की मांग की गई।
एडवोकेट अमित शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तथा चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो जिला कांग्रेस कमेटी शहर आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अजय जैसवानी, सुशील जायसवाल, मंडलम अध्यक्ष राजकुमार विश्वकर्मा, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्याम यादव, विष्णु पटेल, रमेश अहिरवार, अंशु गुप्ता एवं हर्षित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
