
कटनी। विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर जिला पशु चिकित्सालय (पॉलीक्लीनिक) कटनी में जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले जूनोटिक रोगों के प्रति लोगों और पशुपालकों को जागरूक करना तथा रेबीज जैसी घातक बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने पशुपालकों को जूनोटिक रोगों के संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, स्वच्छ पशुपालन, नियमित टीकाकरण तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेबीज, ब्रुसेलोसिस, एन्थ्रेक्स और लेप्टोस्पायरोसिस जैसे कई रोग पशुओं से मनुष्यों में फैल सकते हैं, जिनकी रोकथाम समय पर टीकाकरण और जागरूकता से संभव है।
आयोजित निःशुल्क रेबीज टीकाकरण शिविर में 42 पालतू पशुओं का टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सुमंत वर्मा, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. नीता मनोचा, डॉ. साकेत मिश्रा, डॉ. रवि कटारिया, अतुल भुजिया, राकेश कुशवाहा, हजरत मंसूरी सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर पशुपालकों से अपने पालतू पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, समय-समय पर टीकाकरण करवाने तथा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
