
125वीं जयंती स्मरण पखवाड़ा के तहत जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, माधवनगर में डॉ. मुखर्जी स्मृति हॉल के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा….

कटनी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा विवेकानंद सभागार में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता एवं सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत हैं। उन्होंने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 हटाकर उनके सपनों को साकार किया गया है।
इस अवसर पर सांसद वीडी शर्मा ने विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की मांग पर माधवनगर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में एक हॉल निर्माण के लिए सांसद निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने प्रस्तावना भाषण में डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके राष्ट्रसेवा और संगठन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।
जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और जनसेवा के सिद्धांतों से प्रेरित होकर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मनीषदेव मिश्रा ने तथा आभार जिला महामंत्री सुखदेव चौधरी ने व्यक्त किया। वंदे मातरम् का गायन जिला उपाध्यक्ष अंकिता तिवारी ने किया।
सम्मेलन में सांसद वीडी शर्मा, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, जिला संगठन प्रभारी सुजीत जैन, वरिष्ठ नेत्री अलका जैन, रामरतन पायल, पीतांबर टोपनानी, शशांक श्रीवास्तव, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, अजजा मोर्चा प्रदेश महामंत्री सोहन सिंह, मछुआरा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक श्याम निषाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
