
निजी भूमि पर कब्जे और निर्माण को लेकर हुआ विवाद, दोनों पक्ष पहुंचे माधवनगर थाना; पुलिस ने शुरू की जांच…
कटनी। शहर के माधवनगर थाना क्षेत्र में रविवार को जमीन विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब एक निजी भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई, जिसमें शहर के उद्योगपति एवं गुप्ता गैस एजेंसी के संचालक मुकेश गुप्ता के घायल होने का दावा किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मुकेश गुप्ता और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उद्योगपति मुकेश गुप्ता का कहना है कि वे विश्राम बाबा क्षेत्र स्थित अपनी निजी भूमि का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने कार के शीशे और हेडलाइट क्षतिग्रस्त कर दिए तथा उनके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में वे किसी तरह मौके से निकलकर सीधे माधवनगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी ओर, दूसरे पक्ष का कहना है कि झिंझरी क्षेत्र में उनकी पत्नी के नाम दर्ज भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मुकेश गुप्ता अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद करते हुए मारपीट की। दूसरे पक्ष ने भी अपने साथ मारपीट और धमकी दिए जाने के आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाई और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एवं दस्तावेज भी एकत्र किए जा रहे हैं।
माधवनगर थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस कारण हुई और घटना के लिए किस पक्ष की भूमिका रही। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
