
कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार उसकी सहेली के पति प्रशांत उर्फ शेरा मिश्रा (49), निवासी ग्राम बड़गइयां सलैया, थाना विजयराघवगढ़, पिछले करीब दो माह से उससे लगातार बातचीत करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि 15 जून 2026 को, जब पीड़िता के पति धार्मिक कथा वाचन के सिलसिले में घर से बाहर थे, तब आरोपी ने पीड़िता के घर पहुंचकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पति के घर लौटने पर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी, जिसके बाद महिला थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर प्रकरण विजयराघवगढ़ थाने को स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल कटनी भेजने के आदेश दिए गए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक रामकुमार झारिया, एएसआई जगदीश पांडे, आरक्षक पप्पू प्रजापति, अंजनी झा तथा चालक आरक्षक मज्जू कोल की विशेष भूमिका रही।
