
कटनी। जिला कांग्रेस कार्यालय आस्था प्लाजा में कांग्रेस संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के सम्मान एवं स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस परिवहन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजमणि तिवारी, खेल प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अशोक मौर्य, बेरोजगार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रमेश अहिरवार तथा वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश मिश्रा का पुष्पमालाओं से स्वागत कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
