कटनी। सिख समुदाय के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 5 जून 2026 को कटनी में श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ छबील (कच्ची लस्सी) सेवा का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, लारेंस लाइन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं कटनी की समस्त साध-संगत के तत्वावधान में विश्राम बाबा मोड़ पर प्रातः 10 बजे से छबील सेवा प्रारंभ होगी। इस दौरान राहगीरों एवं श्रद्धालुओं को शीतल कच्ची लस्सी वितरित कर गुरु साहिब की शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि गुरु अर्जुन देव जी महाराज ने सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष छबील सेवा का आयोजन किया जाता है, जिससे सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का संदेश समाज तक पहुंचे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं साध-संगत ने सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सेवा कार्य में सहभागी बनें तथा गुरु अर्जुन देव जी महाराज की शहादत को सम्मानपूर्वक स्मरण करते हुए सेवा का लाभ प्राप्त करें।
अंत में संगत द्वारा “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों के साथ सभी से समय पर उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।
