कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत इन दिनों ओवरलोड मुरुम से लदे हाइवा वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र की सड़कों पर दिन-रात भारी वाहन तेज रफ्तार से दौड़ते नजर आ रहे हैं, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के चलते ओवरलोड वाहनों का संचालन बेखौफ तरीके से जारी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मझगवां क्षेत्र के पेट्रोल पंपों और सड़क किनारे बड़ी संख्या में मुरुम से लदे हाइवा वाहन खड़े देखे जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि इन वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक मुरुम भरकर परिवहन किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे वाहन संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाइवा चालक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे इन भारी वाहनों के कारण क्षेत्र में हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़कें भी तेजी से खराब हो रही हैं। कई जगह सड़क किनारे धूल और मुरुम गिरने से राहगीरों को दिक्कत हो रही है तथा दुर्घटना की संभावना बढ़ गई है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
