कटनी जंक्शन में ट्रेनों के ठहराव एवं अमृतसर ट्रेन पुनः प्रारंभ करने की मांग, महाप्रबंधक से मिले रेल उपयोगकर्ता समिति सदस्य
कटनी। आज पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के कटनी प्रवास के दौरान कटनी जंक्शन पर रेलवे के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य केशव कमल मोहनानी ने कटनी से जुड़ी विभिन्न रेल समस्याओं एवं यात्रियों की सुविधाओं को लेकर महाप्रबंधक महोदय को ज्ञापन सौंपा।श्री मोहनानी ने बताया कि गाड़ी संख्या 22111/22112 मुंबई–अयोध्या धाम एक्सप्रेस का कटनी जंक्शन पर ठहराव अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कटनी एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं रेलवे जंक्शन नगरी है, जहां से पांचों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन होता है, लेकिन अयोध्या जाने के लिए कटनी से सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कटनी से कम महत्वपूर्ण स्टेशनों पर उक्त ट्रेन का ठहराव है, जबकि कटनी जैसे बड़े जंक्शन पर ठहराव न होना चिंता का विषय है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन का स्टॉपेज कटनी जंक्शन पर किए जाने की मांग रखी गई।इसके साथ ही उन्होंने जबलपुर अथवा नैनपुर से अमृतसर के लिए ट्रेन पुनः प्रारंभ करने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि पूर्व में “अटारी एक्सप्रेस” के नाम से ट्रेन संचालित होती थी, जिसे कोरोना काल के बाद बंद कर दिया गया। वर्तमान में अमृतसर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा उपलब्ध ट्रेनों में लंबी वेटिंग रहती है। उन्होंने कहा कि अमृतसर धार्मिक, व्यापारिक एवं पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है, जहां स्वर्ण मंदिर, जलियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर, गुरु नानक देव जी के गुरुद्वारे तथा राधा स्वामी सत्संग डेरा स्थित हैं। हर वर्ग एवं धर्म के लोग बड़ी संख्या में अमृतसर जाते हैं, इसलिए ट्रेन सेवा पुनः प्रारंभ की जानी चाहिए।श्री मोहनानी ने कटनी जंक्शन में पांच महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग रखी, जिनमें 11053/54 एलटीटी–आजमगढ़ एक्सप्रेस, 12293/94 एलटीटी–इलाहाबाद दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12141/42 राजेंद्र नगर–कुर्ला एक्सप्रेस, 11055/56 एलटीटी–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस तथा 11059/60 एलटीटी–छपरा एक्सप्रेस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कई गाड़ियां मुड़वारा स्टेशन एवं साउथ रूट की ओर डायवर्ट हो चुकी हैं, इसलिए वर्तमान समय में इन ट्रेनों के कटनी जंक्शन पर ठहराव से परिचालन में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं आएगी, बल्कि यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी एवं आमजन में सकारात्मक संदेश जाएगा।इस दौरान नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद संतोष शुक्ला ने भी महाप्रबंधक से मुलाकात कर न्यू कटनी से कटनी जंक्शन पहुंच मार्ग को व्यवस्थित कराने का निवेदन किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है, जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने शीघ्र सड़क सुधार कार्य कराने की मांग की।मुलाकात के दौरान प्रताप सुंदरानी, धन्य कुमार गांधी, महेंद्र सिंह चंदेल, निहाल बजाज, सतीश तीर्थनी, हनी दुबे, गोविंद सचदेवा, ओमप्रकाश पमनानी, इंद्रजीत नागवानी, अजय हसवानी, रमेश नानकानी, हेमंत छाबड़ा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
