कटनी में सामाजिक संगठनों का संयुक्त आयोजन, “जय भीम-जय संविधान” के नारों से गूंजा शहर
कटनी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को अजाक्स संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मध्य प्रदेश अजाक्स संघ जिला शाखा कटनी के जिला महासचिव पूर्णेश उइके द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम के तहत दोपहर 1 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन कटनी से रैली निकाली गई। यह रैली सुभाष चौक, झंडा बाजार, आजाद चौक, मिशन चौक होते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मैदान (माधवनगर गेट के सामने) पहुंची। रैली के दौरान “जय भीम”, “जय संविधान” और “बाबा साहब अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।

रैली के पश्चात आयोजित मंचीय कार्यक्रम में संभागीय संयुक्त सचिव अरविंद सिंह पेंड्रो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह धुर्वे ने की। वहीं क्रांति कुंवर सिंह, मृत्युंजय सिंह, तोडर सिंह, ओमप्रकाश सकतेल, मनोज कोरी, विजय पटेल, अजय गोटियां, अरविंद टेकाम, चंद्रभान बौद्ध, राहुल भैया, मनीषा धुर्वे एवं एडवोकेट जे.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहब के संविधान, सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय, नारी सशक्तिकरण एवं विश्व बंधुत्व के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया तथा समाज में भाईचारा और एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस आयोजन में अजाक्स संघ, गोंडवाना सामाजिक उत्थान समिति, कोल ट्राइबल फाउंडेशन, अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संघ, जयस, भारतीय युवा शक्ति संगठन, कोयतूर गोंड महासभा, भीम आर्मी एवं ओबीसी महासभा सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कुंडे (तहसील अध्यक्ष, कटनी) द्वारा किया गया।
