
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस नेताओं ने कहा—विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय लोकतंत्र में उसका सम्मान जरूरी

कटनी। राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को तत्काल वापस लेने की मांग को लेकर मंगलवार, 1 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटी कटनी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आयोजित प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं में शामिल हैं और लगातार जनता से जुड़े मुद्दों, लोकतांत्रिक अधिकारों तथा संविधान की रक्षा को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे हैं। कांग्रेसजनों का कहना था कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल करना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक दायित्व है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए। राहुल गांधी लगातार आम जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके विरुद्ध दर्ज प्रकरण लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
वहीं जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है। जनहित के मुद्दे उठाना विपक्षी नेताओं का अधिकार है और इस अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को तत्काल वापस लेने की मांग की।
कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में मांग की कि राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण को तत्काल वापस लिया जाए तथा लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की गरिमा को बनाए रखने के लिए आवश्यक हस्तक्षेप किया जाए।
ये कांग्रेसजन रहे मौजूद
प्रदर्शन में एडवोकेट अमित शुक्ला, सौरभ सिंह, राजकुमार केलु उपाध्याय, राकेश जैन कक्का, करन सिंह चौहान, रजनी वर्मा, राजा जगवानी, गोल्डन पांडे, प्रेम बत्रा, जालेम यादव, आफताब अहमद, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, अजय जैसवानी, पंकज गौतम, कमल पांडे, आनंद पटेल, मंगल सिंह, अजय खटीक, विजय मंगल चौधरी, नारायण निषाद, सुशील जायसवाल, विकास निगम, छोटू सिंह बघेल, इस्तियाक अहमद, राहुल होतवानी, राहुल पटेरिया, संजय गुप्ता, रमेश अहिरवार, भरत विश्वकर्मा, जार्ज डेविड, रॉबिन पीटर, शशि शेखर भारद्वाज, विनीत जायसवाल, रमेश मिश्रा, रवि जायसवाल, घनश्याम रजक, रूपा तिवारी, शशि यादव, दिलदार खान, इमरान खान, विजय चांदवानी, सुनील श्रीवास, सलाहुद्दीन खान, रामचंद मूलवानी, विकास चौधरी, राजेश निषाद, प्रिंस खटीक, शुभम सोनखरे, हर्षित मिश्रा, साहिल नामदेव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
