जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की पहल से लैंगिक समानता को मिला बढ़ावा

कटनी (11 अप्रैल)। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत की थीम को आगे बढ़ाते हुए जनपद पंचायत बहोरीबंद के ग्राम तेवरी की युवा सरपंच सुश्री काजल रजक ने भोपाल में लैंगिक समानता की ब्रांड एंबेसडर एवं हिंदी फिल्मों की मशहूर अदाकारा कृति सेनन से भेंट कर अपने विचार साझा किए।


यह अवसर जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर की पहल के कारण संभव हो सका, जिनके प्रयासों से जिले में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इस पहल के तहत कटनी की युवा जनप्रतिनिधि को सीधे राष्ट्रीय स्तर की हस्ती से संवाद का अवसर मिला।
बताया गया कि कृति सेनन का भोपाल दौरा भारत सरकार के पंचायत राज मंत्रालय द्वारा संचालित ‘महिला एवं बालिका हितैषी पंचायत’ विषय पर चर्चा एवं संवाद के उद्देश्य से था। इस पहल में यूएनएफपीए को ज्ञान भागीदार के रूप में शामिल किया गया है, जिसके सहयोग से मध्यप्रदेश के 83 ग्रामों में यह प्रोजेक्ट संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कृति सेनन ने सरपंचों के साथ संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनीं और महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही, यूएनएफपीए के सहयोग से महिलाओं और बालिकाओं को नशामुक्त बनाने तथा उन्हें सशक्त करने के लिए विशेष पहल भी की जा रही है।
लैंगिक समानता क्या है?जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के अनुसार, लैंगिक समानता का अर्थ महिलाओं और पुरुषों, लड़कियों और लड़कों के लिए समान अधिकार, अवसर, जिम्मेदारी और भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसमें संसाधनों तक समान पहुंच और निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी की भागीदारी शामिल है।
उन्होंने बताया कि लैंगिक समानता केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सभी लिंगों—पुरुष, ट्रांसजेंडर और अन्य लैंगिक विविधता वाले लोगों—के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की अवधारणा है, जो एक समतामूलक समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
