कटनी।बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक-1 अंतर्गत इंदिरा नगर, गली नंबर-9, सेन मोहल्ला में आंगनबाड़ी केंद्र के लिए प्रस्तावित शासकीय भूमि पर कुछ अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा अवैध रूप से मटेरियल गिराकर कब्जा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कार्य खुलेआम किया जा रहा है, जिससे शासन की योजना प्रभावित हो रही है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड की पार्षद श्रीमती वंदना राजकिशोर यादव ने नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी एवं उच्च अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल मौके पर जेसीबी मशीन भेजकर अवैध अतिक्रमण को रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पार्षद ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों के लिए अत्यंत आवश्यक है, ऐसे में प्रस्तावित भूमि पर कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो जन आंदोलन भी किया जाएगा।
