जगन्नाथ मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी जानकारी, समाज के सभी वर्गों से सहभागिता का आह्वान
कटनी। रविवार दोपहर जगन्नाथ मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री हिन्दू उत्सव समिति, कटनी द्वारा आगामी 28 मार्च 2026, शनिवार को भगवान श्रीराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 9वीं विशाल भव्य शोभायात्रा निकाले जाने की जानकारी दी गई। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शोभायात्रा को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि शोभायात्रा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारी संगठनों की सहभागिता रहेगी। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, बैंड-बाजे, भजन मंडलियां एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान करेगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा चैत्र शुक्ल पक्ष दशमी तिथि, दिन शनिवार 28 मार्च 2026 को शाम 4 बजे घंटाघर, गांधीगंज प्रांगण से प्रारंभ होगी। निर्धारित मार्ग से होते हुए शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह स्वागत एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों, संस्थाओं एवं संगठनों से अपील की है कि वे इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक सहभागिता करें तथा अपने-अपने स्तर पर झांकियां, धार्मिक ध्वज, बैनर, पोस्टर, स्वागत मंच, प्रसाद वितरण आदि की व्यवस्था कर कार्यक्रम को भव्य बनाएं।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन सामाजिक एकता, धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें शहर के हजारों श्रद्धालु शामिल होकर प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगे।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारी मधुरा प्रसाद सोनी, आशीष गुप्ता “बाबा”, प्रमोद सरावगी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सह-संयोजक शिवम शर्मा, पुनीत नागरिया, अमित सिंह सहित समिति के अन्य सदस्यों द्वारा आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी गई।
