कटनी। बरगवां स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। वार्ता में भाजपा नेताओं ने बजट को देश के समग्र विकास, गरीब कल्याण, किसान हित, युवाओं के रोजगार और महिला सशक्तिकरण को समर्पित बताते हुए इसे “विकसित भारत” की दिशा में मजबूत कदम करार दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, उद्योग और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी गई है।
गरीब, किसान और मध्यम वर्ग को राहत पत्रकार वार्ता में बताया गया कि बजट में गरीबों के लिए आवास योजनाओं को गति देने, किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही मध्यम वर्ग को भी राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
महिला, युवा और रोजगार पर फोकस भाजपा नेताओं ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ स्टार्टअप और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया गया है। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और देश में आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा भाजपा ने बजट को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा क्षेत्र में सुधार तथा बुनियादी ढांचे के विकास के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि सड़क, रेलवे, उद्योग और निवेश को लेकर बजट में बड़े प्रावधान किए गए हैं, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।
भाजपा का दावा: हर वर्ग के हित में बजट भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के लिए लाभकारी है। यह बजट न केवल आर्थिक मजबूती देगा बल्कि देश को प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करेगा तथा आने वाले समय में देश के विकास में नई क्रांति लाएगा।
