कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। एनकेजे रेलवे जंक्शन के बी-केबिन क्षेत्र में मालगाड़ी के डिब्बों की सेटिंग के दौरान एक खाली वैगन अचानक पटरी से उतर गया, जिससे रेलवे परिसर में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब मालगाड़ी के कुल 7 डिब्बों की शंटिंग (सेटिंग) की जा रही थी। अचानक एक डिब्बा ट्रैक से उतर गया। राहत की बात यह रही कि डिब्बा खाली था, इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे अफसर मौके पर पहुंचे, युद्धस्तर पर चला बहाली कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी स्टाफ और बड़ी संख्या में कर्मचारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे की राहत एवं बहाली टीम ने आधुनिक मशीनों और उपकरणों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बे को वापस ट्रैक पर चढ़ाने का कार्य शुरू किया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद डिब्बे को सुरक्षित रूप से दोबारा पटरी पर स्थापित कर दिया गया।
यातायात प्रभावित नहीं, एहतियातन नियंत्रित रही दोनों लाइनें
घटना के बाद सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया, लेकिन रेलवे ने स्थिति को जल्द संभाल लिया, जिससे रेल यातायात बाधित नहीं हुआ।
बहाली कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया गया।
कारणों की जांच में जुटा रेलवे
रेलवे विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि डिब्बा तकनीकी खराबी, ट्रैक समस्या या परिचालन त्रुटि के कारण पटरी से उतरा।
घटना के बाद कुछ देर तक स्टेशन क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन रेलवे प्रशासन ने स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया।
