
कटनी।लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को पूर्ण लाभ दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोलते हुए कटनी तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा लाडली बहना योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह ₹3000 देने की घोषणा की गई थी, लेकिन वर्तमान में महिलाओं को केवल ₹1500 की राशि ही प्राप्त हो रही है, जिससे वे स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि प्रदेश की बड़ी संख्या में महिलाएं इस योजना के लाभ से वंचित रह गई हैं। कई पात्र महिलाओं के नाम पोर्टल से हटा दिए गए हैं तथा नए पंजीयन बंद होने के कारण वे योजना का लाभ नहीं ले पा रही हैं।

कांग्रेस महिलाओं ने मांग की है कि—
लाडली बहना योजना की राशि बढ़ाकर ₹3000 प्रतिमाह की जाए।
योजना के लिए पोर्टल पुनः प्रारंभ किया जाए।
वंचित महिलाओं के नाम पुनः जोड़े जाएं ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिल सके।
महिला कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो महिला कांग्रेस प्रदेश स्तर पर चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
