

कटनी। कोतवाली मार्ग पर तेज रफ्तार स्कार्पियो वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय नागरिकों के अनुसार स्कार्पियो वाहन क्रमांक MP53 CA 6649 ने मुड़वारा स्टेशन के पास मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 MB 9095 को टक्कर मारी।


बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर पति-पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ मंगल नगर पुलिया सिविल लाइन की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि पति-पत्नी सहित दोनों मासूम बच्चों को चोटें आईं। हादसे के बाद पूरा परिवार बुरी तरह घबरा गया।
घटना की सूचना तत्काल कटनी सिटी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना के बाद चांडक चौक पर तैनात ट्रैफिक एएसआई संदीप बाल्मीकि एवं ट्रैफिक कर्मी हिरदेश सिंह ने स्कार्पियो वाहन को जाते हुए देखा और तुरंत पीछा किया। ट्रैफिक पुलिस ने बस स्टैंड चौकी क्षेत्र स्थित सूर्या होटल के पास स्कार्पियो वाहन को पकड़ लिया।
पकड़े गए चालक को बस स्टैंड चौकी लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेंद्र जायसवाल, निवासी सीधी बताया। चालक ने बताया कि वह कटनी बुकिंग लेने आया था। इसके बाद उसे वाहन सहित आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना भेज दिया गया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।
