
शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट कारोबार से यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं की आशंका का मुद्दा उठाया, सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट करने की मांग
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी के वरिष्ठ पार्षद एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल प्रारंभ कराने की मांग की है। उन्होंने शहर के भीतर संचालित हो रहे ट्रांसपोर्ट कारोबार को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया है।
पार्षद मिथलेश जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कटनी में ट्रांसपोर्ट नगर की योजना लगभग 40 वर्ष पूर्व तैयार की गई थी। इसके तहत ट्रांसपोर्ट नगर में विकास कार्य कराए गए और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भूखंडों का आवंटन भी किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त अन्य भूखंडों की नीलामी के लिए भी विभिन्न स्तरों पर कार्यवाहियां की गई हैं।
उन्होंने मांग की है कि शेष ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों, विशेषकर परचून ट्रांसपोर्ट से जुड़े कारोबारियों को भी नियमानुसार भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि सभी व्यवसायियों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से अपना कारोबार संचालित करने की सुविधा मिल सके।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर
मिथलेश जैन ने पत्र में कहा है कि शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय संचालित होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसके कारण सड़कों पर आवागमन में बाधा उत्पन्न होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रांसपोर्ट से संबंधित सभी गतिविधियों को ट्रांसपोर्ट नगर में संचालित कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा शहर में संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को वहां स्थानांतरित करने के संबंध में आदेश जारी किया जाए। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने और ट्रांसपोर्ट कारोबार को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
