
उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी सम्मानित, छत्तीसगढ़ को प्रथम और पंजाब को द्वितीय स्थान
भोपाल/कटनी। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन का 26वां राष्ट्रीय अधिवेशन 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित मानस भवन में आयोजित किया गया। दो दिवसीय अधिवेशन में देशभर से संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशों, जिलाध्यक्षों और महिला पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कटनी जिले की प्रीति सेन ने महिला श्रेणी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।
अधिवेशन के प्रथम दिन मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति श्री सुशील कुमार पालो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति श्रीमती अंजली पालो एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर शुक्ल ने की।
अधिवेशन के दूसरे दिन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विधायक श्री रजनीश सिंह, पूर्व विधायक श्री सुखेंद्र सिंह बन्ना तथा मध्यप्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक श्री अवनीश भार्गव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रदेशों एवं पदाधिकारियों का सम्मान
राष्ट्रीय अधिवेशन में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशों और पदाधिकारियों के चयन के लिए श्री ओम भारद्वाज की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय चयन समिति गठित की गई। समिति में श्री अजय चौधरी, श्री चितरंजन पर्वत, श्री राजेन्द्र सिंह बसवाल एवं श्रीमती शिवाकामी एस. शामिल रहे।
चयन समिति द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर तीन प्रदेशों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके साथ ही दस प्रदेश अध्यक्षों एवं पांच महिला पदाधिकारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इस क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने वाले पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करना रहा।
छत्तीसगढ़ प्रथम, पंजाब द्वितीय और तमिलनाडु तृतीय
राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेशों के प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ को प्रथम, पंजाब को द्वितीय तथा तमिलनाडु को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं महिला पदाधिकारियों की श्रेणी में कटनी की प्रीति सेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झारखंड की श्रीमती पुष्पा मिश्रा को द्वितीय तथा महाराष्ट्र की श्रीमती मंगला गरदे को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
कटनी जिले की प्रीति सेन की इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। राष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों के कार्यों को प्रोत्साहित करने वाला है।
कटनी जिले के पदाधिकारियों को भी मिला सम्मान
राष्ट्रीय अधिवेशन में कटनी जिले से संगठन के अध्यक्ष के.एल. पांडेय, ओ.पी. दुबे, डॉ. खान, राजेश बहरे, महिला अध्यक्ष प्रीति सेन, सुमन सैनी, उमा बहरे, आराधना तिवारी, सुशीला श्रीवास, सपना सेन, ऋतु मंडल, रीता चक्रवर्ती, राधना निषाद, शीतल पांडेय, राजकुमारी गुप्ता, लक्ष्मी नारायण नामदेव, पीतांबर भैरवानी, राजेश प्रधान, धनवंतरी तथा कृष्ण कुमार केसरवानी सहित अन्य पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण, संगठन की गतिविधियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों के योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। कटनी की प्रीति सेन को प्रथम पुरस्कार मिलने और जिले के अन्य पदाधिकारियों के सम्मानित होने से संगठन के स्थानीय सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा।
