
‘चुनाव आयोग वोट चोर’ के नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
कटनी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को कटनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन एवं पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ता ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ’ और ‘चुनाव आयोग वोट चोर’ जैसे नारे लगाते हुए सड़कों पर आगे बढ़े।
पैदल मार्च कचहरी चौक से शुरू होकर सुभाष चौक, गोलबाजार और सिल्वर टॉकीज रोड होते हुए आगे बढ़ा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रति विरोध दर्ज कराने के लिए ज्ञानेश कुमार के नाम का प्रतीकात्मक पुतला हाथकड़ियों में जकड़कर पैदल मार्च में शामिल किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर वे अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
