
कटनी। बरगवां क्षेत्र में संचालित देसी एवं अंग्रेजी कंपोजिट शराब दुकान को लेकर स्थानीय स्तर पर उठ रही आपत्तियों के बीच ओ.बी.सी. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, शहर जिला कटनी के जिला अध्यक्ष नारायण निषाद ने कलेक्टर कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में शराब दुकान के संचालन स्थल, भूमि के स्वामित्व, दुकान के निर्माण एवं किराये पर दिए जाने की प्रक्रिया तथा समीप स्थित धार्मिक स्थल से जुड़े तथ्यों की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में नारायण निषाद ने उल्लेख किया है कि बरगवां क्षेत्र में संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों की ओर से आपत्तियां सामने आ रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित हो रही है, उस भूमि के शासकीय भूमि के रूप में दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। साथ ही वर्ष 2023 से उक्त भूमि पर दुकान का निर्माण कर उसे शराब दुकान संचालक को किराये पर दिए जाने तथा किराया वसूले जाने संबंधी तथ्यों की भी जांच की मांग की गई है।
धार्मिक स्थल और शराब दुकान की स्थिति की भी जांच की मांग
शिकायत में यह भी कहा गया है कि शराब दुकान के समीप अथवा परिसर में धार्मिक स्थल मौजूद होने की जानकारी स्थानीय स्तर पर सामने आई है। इसके चलते धार्मिक भावनाओं एवं सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं को लेकर भी जांच की मांग की गई है। शिकायतकर्ता ने शराब दुकान परिसर में शराब का स्टॉक रखे जाने तथा शाम के समय दुकान के आसपास भीड़, खाली बोतलें एवं कचरा पड़े रहने की बात भी शिकायत में दर्ज कराई है।
राजस्व, आबकारी और संबंधित विभागों से संयुक्त जांच का आग्रह
नारायण निषाद ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले में राजस्व, आबकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से संयुक्त एवं निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है। शिकायत में भूमि के स्वामित्व एवं उपयोग, दुकान निर्माण, किराये पर दिए जाने की प्रक्रिया तथा शराब दुकान संचालन से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है।
साथ ही धार्मिक स्थल से संबंधित वास्तविक स्थिति और शराब दुकान के संचालन के संबंध में लागू नियमों की भी जांच किए जाने का अनुरोध किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि यदि जांच में किसी प्रकार का नियम उल्लंघन अथवा शासकीय भूमि के अनधिकृत उपयोग की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता होने पर शराब दुकान को उक्त स्थान से अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए।
शिकायतकर्ता ने मामले को जनहित एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ा विषय बताते हुए शीघ्र जांच एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।
