
नशे में वाहन चलाने, बिना लाइसेंस और नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई; शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने सड़क पर मुस्तैद रही ट्रैफिक पुलिस
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के निर्देशन तथा यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह के मार्गदर्शन में की गई चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
वाहन चेकिंग के दौरान करीब 15 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए एक चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं बिना लाइसेंस वाहन चलाने तथा नाबालिग द्वारा दोपहिया वाहन चलाए जाने के मामलों में भी नियमानुसार चालान किए गए। नाबालिग के वाहन चलाने के मामले में वाहन स्वामी की जिम्मेदारी से जुड़े प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की गई।
रैली के दौरान भी संभाली यातायात व्यवस्था

सोमवार दोपहर सेवा संकल्प यात्रा के दौरान भी यातायात पुलिस बल की प्रमुख मार्गों पर तैनाती रही। पुलिसकर्मियों ने पन्ना मोड़ तिराहा से पीर बाबा बायपास मार्ग तक रैली के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। इस दौरान आम नागरिकों के वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे।
यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।
चेकिंग एवं यातायात व्यवस्था के दौरान आरआई अंजू लकड़ा, एसआई शशिभूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह, आरक्षक मंजय कुमार यादव, आरक्षक दीपक सिंह एवं आरक्षक राजकुमार अहिरवार सहित यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
