
विजयराघवगढ़ की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने महिला थाने में दिया आवेदन, सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
कटनी। विजयराघवगढ़ में पदस्थ डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी ने करीब 18 महीने से वेतन लंबित होने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों के खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने वेतन संबंधी जानकारी मांगने पर कथित तौर पर धमकाने, अपमानित करने, अभद्र व्यवहार और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाए हैं। महिला डॉक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार डॉ. मुस्कान सोनी विजयराघवगढ़ में डेंटिस्ट के पद पर पदस्थ हैं और उनका करीब एक वर्ष छह माह का वेतन लंबित है। उनका आरोप है कि वेतन के संबंध में अधिकारियों से जानकारी मांगने पर उन्हें कथित तौर पर दबाव में लेने तथा अपमानित करने का प्रयास किया जाता है।
डॉ. सोनी ने वरिष्ठ बीएमओ डॉ. विनोद दुबे और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह के संबंध में भी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अटेंडेंस को लेकर भी उन्हें परेशान किया जाता है और स्टाफ के सामने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन परिस्थितियों के चलते उन्हें दबाव और भय के माहौल में काम करना पड़ रहा है।
महिला डॉक्टर ने शिकायत के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
मामले को लेकर एडिशनल एसपी कटनी कमल मौर्य ने बताया कि महिला डॉक्टर द्वारा शिकायत की गई है। शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
