
कई गंभीर मामलों में रहा है आरोपी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधरा आपराधिक आचरण
कटनी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कटनी पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में एक कुख्यात बदमाश को मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत जिलाबदर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में प्रस्तुत प्रकरण के परीक्षण और विचारण के बाद जिला दंडाधिकारी आशीष तिवारी ने आरोपी के खिलाफ जिलाबदर का आदेश जारी किया। आदेश के तहत आरोपी को 5 माह की अवधि के लिए जिला कटनी सहित सीमावर्ती राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाबदर किए गए आरोपी की पहचान अली उर्फ साहिल पिता अब्दुल नवाब खान (23), निवासी पहाड़ी निवार, चौकी निवार, थाना माधवनगर, जिला कटनी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियों में अपेक्षित सुधार नहीं आया। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ जिलाबदर कार्रवाई का प्रस्ताव जिला दंडाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था।
प्रकरण के विधिवत परीक्षण के बाद जिला दंडाधिकारी ने जिलाबदर आदेश पारित किया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य आदतन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ ही जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
