
प्रमुख मंदिरों, जुलूस मार्ग और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कटनी। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर कटनी पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में बुधवार शाम पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मंदिरों, संभावित जुलूस मार्गों और पार्किंग स्थलों का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी शिवा पाठक, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे, कंट्रोल रूम टी. आई. सुरेंद्र सिंह, यातायात थाना प्रभारी अनूप सिंह, एसआई शशिभूषण दुबे, ए.एस.आई. अशोक सिंह, आरक्षक मंजय यादव सहित कोतवाली एवं यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस टीम ने शेर चौक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, सिल्वर टॉकीज स्थित राधाकृष्ण मंदिर, कमानिया गेट स्थित सत्यनारायण मंदिर, गोलबाजार स्थित राधास्वामी मंदिर एवं रबर फैक्ट्री रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर जन्माष्टमी के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
पुलिस के स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संबंधित थाना एवं यातायात पुलिसकर्मियों को जन्माष्टमी जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, मंदिरों एवं प्रमुख मार्गों पर सतत निगरानी रखने तथा जुलूस मार्ग में अनावश्यक रूप से वाहनों को खड़ा न होने देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। भीड़ के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने, यातायात को आवश्यकता अनुसार डायवर्ट करने तथा पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को जुलूस मार्ग में आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खुला रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण
जन्माष्टमी के दौरान शहर में बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने निषादराज स्कूल, रेलवे लाल ग्राउंड एवं पार्क क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। इन स्थानों को पार्किंग व्यवस्था के लिए उपयोग किए जाने की संभावनाओं को देखा गया, ताकि मंदिरों और जुलूस मार्ग के आसपास वाहनों की भीड़ न लगे और यातायात सुचारु बना रहे।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित अमले को जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा ड्यूटी स्थल पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए।
