कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप इलाके में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने से दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। दूसरे घायल का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही माधवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चाकूबाजी के कारणों और हमले में शामिल लोगों को लेकर पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक वजह और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सूत्र, कटनी।
