
कैमोर। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर कैमोर नगर में मुस्लिम समाज द्वारा अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। इस दौरान अकीदतमंदों के लिए जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की गई।
जुलूस की शुरुआत अमरैयापार से गाजे-बाजे और इस्लामी परचमों के साथ हुई। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ भटिया मोहल्ला स्थित जामा मस्जिद पहुंचा, जहां धार्मिक कार्यक्रम के साथ इसका समापन हुआ
जबलपुर के राजकुमार बैंड ने बांधा समां
जुलूस में जबलपुर से आई प्रसिद्ध राजकुमार बैंड एंड पार्टी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बैंड के कलाकारों ने नातिया कलाम और धार्मिक धुनें प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान अकीदतमंदों में खासा उत्साह नजर आया।
पुलिस-प्रशासन और समाजजनों ने संभाली व्यवस्था
जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन और नगर के गणमान्य नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा एवं उप निरीक्षक दिनेश करोसिया पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
वहीं अंजुमन कमेटी सदर हाजी गुलाम भाई, जामा मस्जिद सदर हाजी महमूद खान, भाजपा अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष इंजीनियर नवाब खान, पार्षद पप्पू टेलर सहित क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के सदर एवं पदाधिकारियों ने जुलूस का मार्गदर्शन किया।
नगर परिषद ने उपलब्ध कराईं नागरिक सुविधाएं
आयोजन को लेकर नगर परिषद कैमोर द्वारा साफ-सफाई, पेयजल सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। व्यवस्थाओं के चलते जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। जामा मस्जिद परिसर में जुलूस के समापन अवसर पर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं मांगी गईं।
— सुनील सिंगोते, पत्रकार, कैमोर
