
मिशन चौक से अंजुमन इस्लामिया स्कूल तक निकला जुलूस, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह; भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

कटनी। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को मुस्लिम समाज द्वारा श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ शहर में भव्य जुलूस निकाला गया। मिशन चौक स्थित इमामबाड़ा से प्रारंभ हुए जुलूस में बच्चों, युवाओं और समाज के वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। जुलूस के दौरान पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
जुलूस में युवा हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए, वहीं डीजे पर बज रहे सामाजिक एवं धार्मिक गीतों के बीच बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। जुलूस मिशन चौक से प्रारंभ होकर थाना तिराहा, सुभाष चौक, कचहरी चौक होते हुए जिला अस्पताल रोड स्थित अंजुमन इस्लामिया स्कूल पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया।
बच्चों की प्रस्तुतियां और प्रतिभाओं का होगा सम्मानजुलूस के समापन स्थल पर मुस्लिम समाज के बच्चों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही समाज में बेहतर कार्य करने वाले लोगों तथा प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया गया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रही मुस्तैद

जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस संपन्न हुआ।
समाज के प्रमुखजन रहे मौजूद
जुलूस के दौरान हजरत इत्र शाह पीर बाबा कमेटी एवं ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी से जुड़े तनवीर खान ‘तनु भाई’, आजरुद्दीन ‘अज्जू भाई’, इरफान खान ‘हैप्पी भाई’, शमसुद्दीन भाई, अनवर नियाजी, नसरुद्दीन भाई सहित मुस्लिम समाज के अन्य गणमान्यजन एवं समाजजन मौजूद रहे।
