
कलेक्टर की जनसुनवाई में पार्षद विनोद लाला यादव ने सौंपा आवेदन, नियमित शिक्षक की नियुक्ति की मांग
कटनी। शासकीय प्राथमिक शाला पड़वार में शिक्षक की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विद्यालय में नियमित एवं सक्षम शिक्षक की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला मंगलवार को कटनी कलेक्टर द्वारा आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा। रविन्द्र नाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 45 के पार्षद विनोद लाला यादव ‘भुट्टू’ ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विद्यालय में शीघ्र शिक्षक नियुक्त किए जाने की मांग की।
आवेदन में पार्षद ने बताया कि विद्यालय में पूर्व में नियुक्त शिक्षक वर्तमान में लाइन शाला में अटैच हैं। ऐसे में पड़वार प्राथमिक शाला में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य पर पड़ सकता है।
कई बार अधिकारियों को कराया अवगत
पार्षद के अनुसार, विद्यालय की इस समस्या को लेकर पूर्व में भी जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार पत्रों के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
शीघ्र शिक्षक नियुक्त करने की मांग
जनसुनवाई में सौंपे गए आवेदन में पार्षद ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा शासकीय प्राथमिक शाला पड़वार में नियमित एवं सक्षम शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षक की व्यवस्था जल्द किया जाना आवश्यक है।
