
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के रहवासी व्यापारी ने कोतवाली थाने में की FIR दर्ज शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोल बाजार में साड़ी की दुकान संचालित करने वाले एक व्यापारी ने दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता 24 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:45 बजे अपनी दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक ग्राहक अपनी गाड़ी लेकर दुकान पर आने लगा। आरोप है कि पड़ोस की दुकान संचालित करने वाले गोपीचंद लोकेचंदानी ने वाहन हटाने को कहा। शिकायतकर्ता द्वारा तत्काल वाहन न हटा पाने की बात कहने पर कथित रूप से गोपीचंद लोकेचंदानी और कोमल लोकेचंदानी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाली देने से मना करने पर गोपीचंद लोकेचंदानी, प्रदीप लोकेचंदानी और कोमल लोकेचंदानी ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर गया। मारपीट के दौरान उसके दाहिने कंधे, पीठ और नाक के पास चोट लगने तथा दर्द होने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायत में बताया गया कि घटना के दौरान यश चेलानी और हरीश हीरानी ने कथित घटना को देखा और बीच-बचाव कर बचाव किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद के बाद तीनों आरोपितों ने दोबारा दुकान के सामने किसी का वाहन खड़ा कराने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मारपीट और धमकी के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
