
कटनी, 18 अगस्त 2026। शहर में निर्माण कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सराफा क्षेत्र में विजय ज्वेलर्स के बाजू में निर्माणाधीन दुकान में काम कर रहे 32 वर्षीय मजदूर की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय नागरिक मृतक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दीपक कुमार रैदास (32), निवासी कटरिया, थाना ढीमरखेड़ा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चुनकाई मोहल्ला, थाना एनकेजे क्षेत्र में निवासरत बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को सराफा क्षेत्र में विजय ज्वेलर्स के बाजू में नव-निर्माणाधीन दुकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दीपक छत से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई। स्थानीय नागरिक तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों के लिए सुरक्षा किट, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट सहित आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह जांच का विषय है।
एक परिवार ने अपना 32 वर्षीय सदस्य खो दिया, वहीं घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार एजेंसियां कितनी गंभीर हैं। हादसे की परिस्थितियों और निर्माण स्थल पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
