
ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, टीआई अनूप सिंह एवं टीम ने संभाला मोर्चा
कटनी। अमकुही इंडस्ट्री एरिया से काटयेघाट की ओर उतरते समय ढलान पर पाइप से लोड 6 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना से ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह अपने दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसआई शशिभूषण दुबे एवं ट्रैफिक पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।
दो क्रेन की मदद से सीधा हुआ भारी ट्रक
ढलान अधिक होने के कारण पाइप से लदा ट्रक सड़क से नीचे जाकर पलट गया था। ट्रक को वापस सीधा खड़ा करना आसान नहीं था। स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में दो क्रेन मौके पर बुलवाई गईं।
दोनों क्रेन की मदद से काफी सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस बल की निगरानी में सड़क के नीचे उतरकर पलटे हुए पाइप लोडेड ट्रक को खींचकर दो क्रेन के सहारे सुरक्षित तरीके से सीधा खड़ा कराया गया।
तत्परता से टला बड़ा खतरा
हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस की तत्काल कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ ट्रक को हटाने की पूरी कार्रवाई कराई, जिससे मार्ग पर किसी अन्य दुर्घटना की आशंका को टाला जा सका।
इस पूरी कार्रवाई में ट्रैफिक टीआई अनूप सिंह, एसआई शशिभूषण दुबे एवं ट्रैफिक बल की सक्रिय भूमिका रही। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
