
कटनी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 79 दादा ईश्वर दास रोहाणी में वार्ड पार्षद श्रीमती रजनी सुरेंद्र साहू द्वारा वार्ड के विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान विद्यालयों में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सोनपुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद श्रीमती रजनी साहू ने नागरिकों से “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास” की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आजादी की नई लड़ाई केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को रूढ़िवादी विचारधारा, गरीबी, अशिक्षा, जाति-पंथ के भेदभाव, राग-द्वेष तथा नागरिक कर्तव्यों के उल्लंघन जैसी चुनौतियों से मुक्त करना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए नागरिकों से पर्यावरण के प्रति सजग रहने की अपील की।
पार्षद ने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना होगा। सजग एवं जिम्मेदार नागरिक समूह ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकता है। उन्होंने सभी से राष्ट्र की उन्नति एवं प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षकगण, वार्ड के सम्मानित नागरिकों सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी विवेक कुशवाहा, विश्व हिंदू परिषद से मुकेश बर्मन, सोमशेखर सेन एवं वीरू बर्मन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
