
हम्माली के दौरान की थी रेकी, रात में फैक्ट्री में घुसकर उड़ाई थीं एलीवेटर की मोटरें; दो आरोपी अब भी फरार
कटनी। माधवनगर थाना पुलिस ने दाल मिल में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एलीवेटर की चार मोटरें, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है, बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, माधवनगर के बंगला लाइन स्थित पीएमडी दाल मिल में 6 अगस्त की रात चोरी की घटना हुई थी। फैक्ट्री संचालक विजय कुमार डोडवानी निवासी माधवनगर ने पुलिस को बताया कि 6 अगस्त की रात करीब 9 बजे फैक्ट्री बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन 7 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे जब वह फैक्ट्री के ऊपर बने गोदाम में पहुंचे तो शटर खुला मिला। गोदाम में रखी पुरानी इस्तेमाल की गई एलीवेटर की चार मोटरें गायब थीं।
शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिली, जिसके आधार पर बंगला लाइन और एसीसी क्षेत्र में दबिश देकर तीन युवकों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में केशव उर्फ बड्डा वंशकार (20), निवासी बंगला लाइन, अजय वंशकार उर्फ दुर्रानी (26), निवासी एसीसी डेहरू लाइन और रोहित उर्फ किराया वंशकार (22), निवासी बंगला लाइन ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई चारों मोटरें बरामद कर ली गईं।
हम्माली के दौरान की थी रेकी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी भीम वंशकार दाल मिल में हम्माली का काम करता था। इसी दौरान उसने गोदाम में रखी एलीवेटर की मोटरों को देखा और अपने साथियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद भीम ने केशव उर्फ बड्डा, अजय उर्फ दुर्रानी, रोहित उर्फ किराया और सुशील वंशकार के साथ मिलकर रात में फैक्ट्री में पीछे से प्रवेश किया और गोदाम से चार मोटर चोरी कर लीं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में पैसे की जरूरत के चलते चोरी करना स्वीकार किया है।
दो आरोपी अभी फरार
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे भीम वंशकार और सुशील वंशकार अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने की व्यापारियों से अपील
माधवनगर पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को घर, दुकान या व्यापारिक प्रतिष्ठान में काम पर रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि कर्मचारियों और कामगारों का सत्यापन कराने से इस तरह की घटनाओं की रोकथाम में मदद मिल सकती है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी (अजाक) शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उनि नवीन नामदेव, सउनि वहाब खान, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार विश्वकर्मा सहित आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, नवीन शुक्ला, मणि सिंह, रोहित सिंह, चंद्रेश सिंह, नंदन, रणविजय, योगेश एवं अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
