
मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम सौंपेंगे ज्ञापन, आदेश की प्रति जलाकर करेंगे विरोध; पौधरोपण भी होगा
कटनी। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके आज सोमवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान वे मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सीपीसीटी की अनिवार्यता तथा ई-अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर संघ द्वारा विरोध दर्ज कराया जाएगा। जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके संबंधित आदेश की प्रति जलाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन करेंगे। संघ का कहना है कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शासन को इन व्यवस्थाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए।
खास बात यह है कि पूर्णेश उइके अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए पौधरोपण कार्यक्रम भी करेंगे। पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश दिया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। कर्मचारी हित में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहेंगे।
